मंडी: मंडी जिले के चरखड़ी क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 75 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पांगणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं एक गंभीर घायल को झुंगी अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस को स्टार्ट करने के बाद चालक और परिचालक सवारियों का इंतजार करने के लिए बस से नीचे उतर गए थे। इसी दौरान अचानक बस अपने आप चल पड़ी और ढांक से लुढ़कते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कलावती (75 वर्ष) नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में एक छोटा बच्चा और तीन महिलाएं घायल हुई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों ने बताया कि बस अचानक चल पड़ी, जिसके बाद वह नियंत्रण खोकर खाई में लुढ़क गई। यह हादसा बीएसएल पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत चरखड़ी में हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









