बैरिकेडिंग टूटने से मची अफरा-तफरी
बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर सोमवार सुबह भीषण हादसा हो गया। मंदिर परिसर में भगदड़ मचने से 7 कांवरियों की मौत हो गई है। लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने घटना में सात लोगों की मौत की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान बांस-बल्लियों से बनाई गई बैरिकेडिंग भीड़ के दबाव में टूट गई, जिससे भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। मृतकों में महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है।

हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। जिला प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डीएम अस्पताल में जबकि एसपी मंदिर परिसर में कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Author: Deepak Mittal









