रायपुर: Raipur जिले में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 55 शिक्षकों को पदोन्नत करते हुए उन्हें प्राथमिक स्कूलों में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ करने का आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार सभी पदोन्नत शिक्षकों को 16 मार्च तक नई शाला में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि इस आदेश को लेकर शिक्षकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। शिक्षकों का कहना है कि सामान्यतः प्रमोशन या तबादले के मामलों में ज्वाइन करने के लिए कम से कम एक सप्ताह का समय दिया जाता है, लेकिन इस बार इतनी जल्दी ज्वाइनिंग की तिथि तय कर दी गई है।
शिक्षकों ने बताया कि 16 मार्च से ही पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, जिनमें कई पदोन्नत शिक्षकों की ड्यूटी केंद्राध्यक्ष के रूप में लगाई गई है। ऐसे में यदि वे नई शाला में ज्वाइन करने जाते हैं तो परीक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। कई स्कूलों में पहले से ही शिक्षकों की कमी है और एक ही शिक्षक स्कूल और परीक्षा दोनों की जिम्मेदारी संभाल रहा है।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मांग की है कि प्रमोशन पाए शिक्षकों को परीक्षा ड्यूटी पूरी होने के बाद ज्वाइन करने का मौका दिया जाए और कम से कम 31 मार्च 2026 तक ज्वाइनिंग की समय सीमा बढ़ाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्षों में भी प्रमोशन के बाद 31 मार्च तक का समय दिया जाता रहा है।
इसके साथ ही शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया है कि Swami Atmanand School के शिक्षकों को केंद्राध्यक्ष नहीं बनाया गया, जबकि वे भी सरकारी शिक्षक हैं। इस मामले को लेकर शिक्षक संघ जल्द ही कलेक्टर से मुलाकात कर ज्वाइनिंग की समय सीमा बढ़ाने की मांग करेगा।
Author: Deepak Mittal









