जगदलपुर: शहर में घरेलू गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। दीनदयाल उपाध्याय वार्ड स्थित एक मकान पर छापा मारकर 34 गैस सिलेंडर और रिफिलिंग पाइप जब्त किए गए हैं। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य विभाग की टीम को राउतपारा स्थित बालाजी केयर हॉस्पिटल के पास एक घर में अवैध गैस भंडारण और रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली थी। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर मंगलवार को टीम ने प्रशांत महाजन के घर दबिश दी। जांच के दौरान मकान के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर पाए गए, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
टीम ने मौके से 24 घरेलू गैस सिलेंडर और 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। इसके साथ ही गैस चोरी और अवैध रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले तीन रिफिलिंग पाइप भी बरामद किए गए।
खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर ने बताया कि गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य निरीक्षक शेख अब्दुल कादिर, उमेश चौधरी, हेमंत ब्रह्मभट्ट और पायल वर्मा सहित विभागीय टीम मौजूद रही। प्रशासन ने शहर में अवैध गैस कारोबार पर लगातार निगरानी रखने की बात कही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165674
Total views : 8191671