दसवीं की छात्रा ने की आत्महत्या, प्रेम प्रसंग को लेकर माता-पिता की डांट से थी परेशान

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

आदिलाबाद: जिले से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा ने कथित तौर पर प्रेम प्रसंग को लेकर माता-पिता की डांट से आहत होकर आत्महत्या कर ली। घटना आदिलाबाद जिले के बेला मंडल क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पठान गांव की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा का अकुर्ला गांव के 17 वर्षीय नाबालिग लड़के से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से बातचीत में थे। जब छात्रा के माता-पिता को इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने उसे समझाइश देते हुए पढ़ाई पर ध्यान देने और भविष्य को लेकर गंभीर होने की सलाह दी।

बताया जा रहा है कि माता-पिता की डांट और समझाइश से छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई। इसी दौरान उसने कीटनाशक (पेस्टीसाइड) का सेवन कर लिया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर, जब लड़की के प्रेमी को इस घटना की जानकारी मिली, तो उसने भी कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। लड़के की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment