महज आधे घंटे की बारिश ने निगम के दावों की खोली पोल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:

 

महज आधे घंटे की बारिश ने निगम के दावों की खोली पोल

 

बिलासपुर: बुधवार शाम महज आधे घंटे की बारिश ने नगर निगम के तैयारियों के सभी दावों की पोल खोल दी। प्रमुख सड़कों, मोहल्लों और कॉलोनियों में पानी भर गया। नाली-नालों का कचरा सड़कों पर बहने से स्थिति और भी खराब हो गई। नगर निगम ने पहले दावा किया था कि बारिश से पहले नाली-नालों की सफाई कर दी गई है और पानी की निकासी की पूरी व्यवस्था है। लेकिन पहली ही बारिश ने इन दावों को झूठा साबित कर दिया।

 

पानी भरने से शहर की हालत दयनीय

 

पुराना बसस्टैंड, श्रीकांत वर्मा मार्ग, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, व्यापार विहार मार्ग, मुंगेली नाका, विद्यानगर, सरकंडा, अशोक नगर, अज्ञेय नगर, हंसा विहार, कस्तूरबा नगर, कुम्हार पारा, सिंधी कॉलोनी सहित कई स्थानों पर जलभराव हो गया। बारिश के तीन से चार घंटे बाद भी यह स्थिति बनी रही। पुराना बसस्टैंड के इलाके में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।

 

पांच साल से समस्या जस की तस

 

श्रीकांत वर्मा मार्ग पर ड्रेनेज सिस्टम की समस्या पिछले पांच साल से बनी हुई है। हल्की बारिश में भी इस क्षेत्र में पानी भर जाता है। हर साल की समस्या के बावजूद नगर निगम इसे सही नहीं कर पाया है।

 

हंसा विहार और अज्ञेय नगर में भी जलभराव

 

श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित हंसा विहार कॉलोनी में हर साल बारिश का पानी भरता है। कॉलोनी की नाली छोटी होने के कारण पानी निकासी नहीं हो पाती। अज्ञेय नगर में भी नाली का पानी सड़क पर बहने लगता है, क्योंकि वहां का ड्रेनेज सिस्टम सही नहीं है।

 

मौसम विभाग की चेतावनी

 

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले दो से तीन दिनों में रह-रहकर हल्की से लेकर तेज बारिश हो सकती है। यदि लगातार बारिश हुई, तो शहर की हालत और भी दयनीय हो जाएगी। नगर निगम और जिला प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।

 

निगम की तैयारियों पर सवाल

 

नगर निगम ने वर्षा पूर्व नाली-नालों की सफाई और पानी की निकासी की व्यवस्था के तमाम दावे किए थे। लेकिन बुधवार को हुई आधे घंटे की बारिश ने निगम के सभी दावों की पोल खोल दी। जलभराव और गंदगी से शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment