भव्य वाटरप्रूफ डोम और सवा क्विंटल फूलों से सजेगा दीक्षा मंच
नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय का छठा दीक्षा समारोह इस बार बेहद खास और भव्य होने जा रहा है। इस समारोह का आयोजन 20 हजार वर्ग फुट के विशाल वाटरप्रूफ डोम में किया जाएगा, जिसे सवा क्विंटल फूलों से सजाया जाएगा। इस अवसर पर 98 मेधावियों को 159 स्वर्ण पदक, 14 पीएचडी की उपाधि और दो विभूतियों को मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। यह विश्वविद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
मुक्त विश्वविद्यालय को गेंदा और रजनीगंधा के डेढ़ क्विंटल फूलों से सजाया जाएगा। विश्वविद्यालय भवन स्वर्ण पदकों की चमक से दमकेगा। समारोह की तैयारी के लिए विश्वविद्यालय की जंबो कमेटी लगातार काम कर रही है ताकि यह आयोजन यादगार बने। दीक्षा समारोह में विद्यार्थियों के सुनहरे सपनों को साकार होते देखना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण होगा। यह आयोजन न केवल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम और समर्पण का भी सम्मान करेगा।
दीक्षा के मंच पर होंगे अतिथि
समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति विश्वभूषण हरिचंदन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष अतिथि होंगे और अपना आशीर्वचन प्रदान करेंगे। दीक्षा वक्ता सुरेश (भैया जी) जोशी होंगे। इस खास मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरूण साव, नगर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव एवं मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया विशिष्ट अतिथि होंगे। कुलपति डा. बंश गोपाल सिंह विश्वविद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।
अब तक के दीक्षा वक्ता
पंचम (04 अगस्त 2021): प्रो. नागेश्वर राव (इग्नू के कुलपति)
चतुर्थ (24 जनवरी 2020): पदमभूषण चंडी प्रसाद भट्ट (गांधीवादी)
तृतीय (03 मार्च 2019): प्रो. गिरिश्वर मिश्र (एनसीईआरटी के पूर्व चेयरमैन)
द्वितीय (21 दिसंबर 2017): आचार्य एडीएन वाजपेयी (कुलपति)
प्रथम (21 दिसंबर 2016): प्रो. जगमोहन सिंह राजपूत (शिक्षाशास्त्री)
समारोह में यह प्रतिबंध
दीक्षा समारोह में बिना आमंत्रण प्रवेश नहीं मिलेगा। समारोह में बैग, कैमरा, ब्रीफकेस और किसी भी तरह के खाद्य पदार्थ भीतर नहीं ले जाए जा सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान सभी को अपना मोबाइल बंद रखना होगा। राष्ट्रगान, राज्यगीत, कुलगीत और शोभायात्रा के दौरान सभी को अपने स्थान पर खड़ा रहकर सम्मान देना होगा। 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों को प्रवेश नहीं मिलेगा। सुरक्षा के लिए पुलिस और विशेष जवान तैनात रहेंगे।
एक घंटा पांच मिनट का समारोह, रिहर्सल आज
विश्वविद्यालय ने पूरा कार्यक्रम एक घंटा पांच मिनट का रखा है। इसका प्रोटोकॉल जारी हो चुका है। सुबह 11:30 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा जो 12:35 बजे समाप्त होगा। मुख्य रूप से कुलसचिव भुवन सिंह राज पर जिम्मेदारी होगी। दीक्षा का रिहर्सल पांच जुलाई को दोपहर दो बजे होगी।
जंबो कमेटी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
संचालक प्रमुख: कुलपति डा. बंश गोपाल सिंह
आयोजन: डा. बसंत कुमार सोनी और 25 अन्य
उपाधि एवं पदक: डा. मनीष कुमार साव और 9 अन्य
अकादमिक: डा. हीरालाल शर्मा और 9 अन्य
आमंत्रण पत्र वितरण: डा. वीणापाणी दुबे और 15 अन्य
मंच सज्जा: डा. अनिता सिंह और 11 अन्य
पदक वितरण: डा. संतोष कुमार वाजपेयी और 12 अन्य
बैठक व्यवस्था: डा. चंदना मित्रा और 11 अन्य
वीआईपी व्यवस्था: डा. शोभित वाजपेयी और 16 अन्य
पोषाक परिधान: डा. रेशमलाल प्रधान और 15 अन्य
डेमेश्वरी भारद्वाज को चार पदक
समारोह में विभिन्न सत्रों के 98 विद्यार्थियों को कुल 159 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। डेमेश्वरी भारद्वाज को वर्ष 2021 के लिए चार गोल्ड मेडल मिलेंगे। इसके अलावा 15 विद्यार्थियों को तीन-तीन गोल्ड मेडल, 27 विद्यार्थियों को दो-दो गोल्ड मेडल और बाकी विद्यार्थियों को एक-एक गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही दो मानद और 14 पीएचडी उपाधियों से भी सम्मानित किया जाएगा।
59 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री
विश्वविद्यालय के विभिन्न सत्रों में 59,029 विद्यार्थियों ने स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं।
वर्जन
“षष्टम दीक्षा समारोह को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह समारोह सबसे खास होगा। विद्यार्थियों के साथ हम सभी के लिए गर्व का क्षण होगा। भव्य वाटरप्रूफ डोम और सवा क्विंटल फूलों से मंच सजेगा।”
Author: Deepak Mittal












Total Users : 8168555
Total views : 8196257