पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय में छठवां दीक्षांत समारोह, 98 मेधावियों को मिलेंगे 159 स्वर्ण पदक
नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
बिलासपुर। पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय में 6 जुलाई को छठवां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं कुलाधिपति विश्वभूषण हरिचंदन करेंगे। मुख्य वक्ता नागपुर के सुरेश जोशी होंगे और अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उपस्थित रहेंगे।
दीक्षांत समारोह के लिए 5 जुलाई को सुबह 10 बजे रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मानद उपाधि, पीएचडी उपाधि तथा स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। समारोह की तैयारी के लिए विश्वविद्यालय परिसर में वाटरप्रूफ डोम का निर्माण किया जा रहा है।
समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव और दिलीप लहरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कुलपति प्रो. बंश गोपाल सिंह विश्वविद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।
दीक्षांत समारोह में सत्र जनवरी-दिसंबर 2020, सत्र जुलाई-जून 2021, सत्र जनवरी-दिसंबर 2021, सत्र जुलाई-जून 2022, सत्र जनवरी-दिसंबर 2022 और सत्र जुलाई-जून 2023 के विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 98 विद्यार्थियों को 159 स्वर्ण पदक वितरित किए जाएंगे। इनमें 13 दानदाताओं द्वारा प्रदत्त स्मृति स्वर्ण पदक भी शामिल हैं।
विद्यार्थी डेमेश्वरी भारद्वाज को वर्ष 2021 के लिए चार स्वर्ण पदक प्राप्त होंगे। इसके अलावा 15 विद्यार्थियों को तीन-तीन स्वर्ण पदक, 27 विद्यार्थियों को दो-दो स्वर्ण पदक और शेष को एक-एक स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। साथ ही, दो मानद उपाधि और 14 पीएचडी (विद्या वाचस्पति) उपाधियाँ भी दी जाएंगी।
सत्र जनवरी-दिसंबर 2020 में 2,635 विद्यार्थी, सत्र जुलाई-जून 2021 में 13,226 विद्यार्थी, सत्र जनवरी-दिसंबर 2021 में 3,290 विद्यार्थी, सत्र जुलाई-जून 2022 में 24,950 विद्यार्थी, सत्र जनवरी-दिसंबर 2022 में 4,622 विद्यार्थी और सत्र जुलाई-जून 2023 में 10,306 विद्यार्थी विभिन्न संकायों में स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी पत्रोपाधि, डिप्लोमा पत्रोपाधि और सार्टिफिकेट परीक्षाओं में सफल हुए हैं। इस प्रकार कुल 59,029 विद्यार्थियों ने विभिन्न परीक्षाएँ उत्तीर्ण की हैं।
Author: Deepak Mittal












Total Users : 8168641
Total views : 8196356