नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
नव भारत टाइम्स 24 x 7: जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में डाले गए मतों की गिनती चार जून को शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कोनी में की जाएगी। मतगणना के लिए 504 से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जिसमें प्रोफेसर और असिस्टेंट इंजीनियर स्तर के अधिकारी भी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने मतगणना कार्य के लिए अधिकारियों और प्रोफेसरों की सूची तैयार कर ली है और पहले और दूसरे दौर की ट्रेनिंग भी पूरी हो चुकी है।
प्रत्येक विधानसभा के लिए 14-14 टेबल लगाए जाएंगे, जहां प्रत्येक टेबल पर छह कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। बिल्हा और मस्तूरी विधानसभा में 24-24 राउंड की गिनती होगी, जबकि बिलासपुर विधानसभा में सबसे कम 17 राउंड में गिनती होगी। मुंगेली और लोरमी विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती मुंगेली जिला मुख्यालय में होगी। मतगणना के दौरान सुपरवाइजर, सहायक, माइक्रो ऑब्जर्वर और रिटर्निंग ऑफिसर की उपस्थिति में मतगणना का कार्य किया जाएगा।
ईवीएम से वोटों की गिनती पूरी होने के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच वीवीपैट मशीनों से पर्ची की गिनती की जाएगी। वीवीपैट मशीनों का चयन रैंडमली किया जाएगा। सबसे पहले डाक मतपत्रों और ईटीपीबी की गिनती होगी। मतगणना के दौरान ऑब्जर्वर भी मौजूद रहेंगे और उनकी उपस्थिति में ही गिनती होगी।
गिनती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी, ताकि किसी भी विवाद से बचा जा सके और पारदर्शिता बनी रहे। भारत निर्वाचन आयोग ने वीडियोग्राफी के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कोनी के परिसर में छह अलग-अलग कमरों में छह विधानसभाओं के लिए 14-14 टेबल लगाए जाएंगे। सुरक्षा के लिए तीन स्तर की व्यवस्था की जाएगी, जहां मतगणना टेबल तक पहुंचने के लिए तीन सुरक्षा घेरों को पार करना होगा। बिना पहचान पत्र के किसी को भी भीतर प्रवेश नहीं मिलेगा और सभी को अपना पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
अलग-अलग होंगे प्रवेश द्वार
मतगणना स्थल पर पहुंचने के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। राजनीतिक दलों के एजेंट को कॉलेज के पीछे के गेट से प्रवेश दिया जाएगा, और उन्हें पहचान पत्र के साथ ही जाना होगा। मतगणना एजेंटों के लिए विधानसभा वार अलग-अलग रंगों के पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों को कॉलेज के सामने वाले गेट से और मीडिया को बाजू वाले गेट से प्रवेश दिया जाएगा।
फैक्ट फाइल
बिलासपुर लोकसभा के कुल प्रत्याशी: 37
मतगणना के लिए नियुक्त अधिकारी और कर्मचारियों की संख्या: 504
विधानसभा सीटें जिनके वोटों की गिनती होगी: 06
एक विधानसभा में कर्मियों की ड्यूटी: 84
एक टेबल में कर्मियों की ड्यूटी: 06
कुल टेबलों की संख्या: 14
विधानसभा वार गिनती चक्र
कोटा: 267 बूथ, 20 चक्र
तखतपुर: 288 बूथ, 21 चक्र
बिल्हा: 327 बूथ, 24 चक्र
बिलासपुर: 238 बूथ, 17 चक्र
बेलतरा: 253 बूथ, 19 चक्र
मस्तूरी: 335 बूथ, 24 चक्र
लोरमी: 264 बूथ, 19 चक्र
मुंगेली: 279 बूथ, 20 चक्र

Author: Deepak Mittal









Total Users : 8168938
Total views : 8196781