कौन आएगा टॉप पर… सरप्राइज आज, 54 हजार सीटें, 80 हजार आवेदन

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कौन आएगा टॉप पर… सरप्राइज आज, 54 हजार सीटें, 80 हजार आवेदन

नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:

 

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में गुरुवार का दिन बेहद खास रहने वाला है। मेरिट लिस्ट के परिणाम से युवा सरप्राइज होंगे, जब उन्हें लिस्ट में अपना नाम दिखेगा। 54 हजार सीटों के लिए 80 हजार छात्रों ने आवेदन किया है। अब देखना है कि किसकी किस्मत चमकती है।

 

स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए उत्साहित युवाओं के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। बिलासपुर, मुंगेली, जीपीएम और कोरबा जिले के 100 से अधिक कालेजों में मेरिट लिस्ट जारी होगी। विद्यार्थी और उनके परिवारजन उत्सुकता और चिंता के साथ इस बात की प्रतीक्षा कर रहे हैं कि क्या उन्हें उनके मनपसंद कालेजों में प्रवेश मिलेगा। इस महत्वपूर्ण क्षण के मद्देनजर सभी की निगाहें अब मेरिट लिस्ट पर टिक गई हैं। परीक्षा विभाग ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली थी।

 

अफवाहें थीं कि बुधवार को सूची आ जाएगी, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते विश्वविद्यालय से महाविद्यालय तक सूची नहीं पहुंच सकी। इसलिए प्रवेश समिति ने इसे चार जुलाई को कालेजों में जारी करने का आदेश दिया है। अब गुरुवार सुबह 11 बजे कालेजों में पहली मेरिट लिस्ट का प्रकाशन होगा।

 

एनईपी के तहत होगा प्रवेश

अटल विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आवेदन की तारीख बदलने के कारण कई छात्र अभी तक आवेदन नहीं कर सके हैं। इधर, विश्वविद्यालय ने प्रवेश के लिए पोर्टल बंद कर दिया है। इस साल कालेजों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत प्रवेश की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अकादमिक कलैंडर के अनुसार, तीन जुलाई को मेरिट सूची का प्रकाशन होना था, लेकिन इसमें एक दिन की देरी हो चुकी है।

 

प्रवेश: यह दस्तावेज अनिवार्य

प्रवेश के लिए कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की अंकसूची, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (आरक्षण के लिए), आय प्रमाण पत्र, चार पासपोर्ट साइज फोटो और पालक की दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य हैं।

 

किसी के झांसे में न आएं युवा

कुलसचिव शैलेंद्र दुबे ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश को लेकर युवा किसी के बहकावे या झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की दिक्कत या समस्या होने पर कालेज के प्राचार्य या विश्वविद्यालय आकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है और मेरिट के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा। विषय का चुनाव सावधानी से करें और किसी दूसरे का मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी अंकित न करें।

 

मूल दस्तावेजों की जांच

कालेजों को प्रवेश के समय छात्रों के मूल दस्तावेजों की जांच करनी होगी। प्रवेश के लिए स्थानांतरण प्रमाण-पत्र की मूल प्रति अनिवार्य है। अगर कोई छात्र डुप्लीकेट कॉपी लाता है, तो उसे प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रमाण-पत्र खोने की स्थिति में, छात्र को थाने में एफआईआर दर्ज कराने के बाद प्राचार्य से नया प्रमाण-पत्र बनवाना होगा।

 

प्राचार्य को छात्र की गोपनीय रिपोर्ट भी उस कालेज में भेजनी होगी, जहां छात्र प्रवेश ले रहा है। इस रिपोर्ट में स्थानांतरण प्रमाण-पत्र की द्वितीय प्रति की जानकारी, छात्र के व्यवहार, चरित्र और अन्य घटनाओं की स्थिति शामिल होगी। यानी इस साल कई बातों का खास ख्याल भी रखना होगा।

 

सीट रिक्त होने पर मिलेगा प्रवेश

नए नियम के मुताबिक इस बार अगर किसी छात्र के अभिभावक का तबादला हो गया है और प्रवेश की अंतिम तारीख खत्म हो चुकी है, तो उसे सीट रिक्त होने पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए अभिभावक का कार्यभार ग्रहण करने का पत्र अनिवार्य होगा। पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना के बाद पास होने वाले छात्रों को भी सीट रिक्त होने पर ही प्रवेश मिलेगा।

 

प्रवेश छोड़ने पर संरक्षित निधि वापसी

अगर छात्र प्रवेश के बाद कालेज छोड़ता है या उसका प्रवेश निरस्त होता है, तो केवल संरक्षित निधि ही वापस की जाएगी। अन्य कोई भी शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। इधर अधिकारी यह भी कह रहे हैं कि शासन से अभी तक सिलेबस नहीं मिला है। देरी होने की स्थिति में प्रवेश की प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा। परीक्षा आवेदन जमा करने के दौरान विषय और ग्रुप को लेकर स्पष्ट कर दिया जाएगा।

 

शहर के मुख्य कालेजों में सीट संख्या

सीएमडी कालेज में 1540, डीपी विप्र कालेज में 1390, जेपी वर्मा कालेज में 1380, साइंस कालेज में 570, माता सबरी गर्ल्स कालेज में 440, बिलासा गर्ल्स कालेज में 1280, और एसबीटी कालेज में 560 सीटें हैं।

 

प्रमुख विषयों में सीट व आवेदन संख्या

बीएससी गणित के लिए 4177 सीटों के मुकाबले 8580 आवेदन, बीएससी बायो के लिए 6708 सीटों के मुकाबले 25422 आवेदन, बी कॉम के लिए 7355 सीटों के मुकाबले 10772 आवेदन, बीए के लिए 11440 सीटों के मुकाबले 20159 आवेदन, और एलएलबी के लिए 240 सीटों के मुकाबले 1140 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

 

वर्जन

कालेजों में प्रवेश की सारी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। कालेजों को सूची भेज दी गई है। गुरुवार सुबह 11 बजे तक मेरिट सूची का प्रकाशन संभव होगा। छात्र घबराएं नहीं। सूची जारी होने के बाद कालेजों में 14 जुलाई तक फीस जमा कर प्रवेश ले सकेंगे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment