उच्च शिक्षा की नई ऊंचाइयों पर “अटल” वर्ल्ड क्लास कोर्स, 14 को प्रवेश परीक्षा
नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय का अकादमिक शिक्षण संस्थान (यूटीडी) युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है। विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के वर्ल्ड क्लास कोर्स वाले छह विभाग संचालित हो रहे हैं, जो छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की ओर मार्गदर्शन कर रहे हैं।
सरकारी संस्था के माध्यम से यह विश्वविद्यालय नई ऊंचाइयों को छू रहा है। शिक्षण सत्र 2024-25 के लिए प्रवेश के लिए जबरदस्त रुचि दिखाई दे रही है। कॉमर्स एंड फायनेंशियल स्टडीज, फूड प्रोसेसिंग एंड टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन, होटल मैनेजमेंट एंड हॉस्पिटैलिटी, माइक्रोबायोलॉजी एंड बायोइनफार्मेटिक्स और योग विभाग संचालित हैं।
यहां स्नातक, स्नातकोत्तर और सर्टिफिकेट कोर्स की कुल 730 सीटें हैं। इन विभागों के पाठ्यक्रमों के लिए छात्रों की रुचि तेजी से बढ़ रही है। इन कोर्सों की वर्तमान में बहुत मांग है और देश-विदेश में रोजगार के अवसर भी हैं। विश्वविद्यालय की स्थापना के समय तत्कालीन कुलपति प्रो. जी.डी. शर्मा ने इसकी नींव रखी थी।
साल 2012 के शुरुआती दौर में भले ही प्रवेश लेने वालों की संख्या कम थी, लेकिन अब छात्रों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि सीधे मेरिट के बजाय प्रवेश परीक्षा आयोजित करनी पड़ रही है। खासकर सीएस और कॉमर्स विभागों के लिए लंबी प्रतीक्षा सूची रहती है।
समृद्ध भविष्य की ओर कदम:
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के ये विभाग और कोर्स छात्रों को एक समृद्ध और सफल भविष्य की ओर ले जाते हैं। यहां का माहौल और सुविधाएं छात्रों को उनके लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित करती हैं। विश्वविद्यालय में दाखिला लेकर छात्र अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह कि यहां फीस अन्य संस्थाओं के मुकाबले काफी कम है। गरीब, निर्धन और मेधावी युवाओं के लिए रोजगार की गारंटी भी है। कैंपस चयन में हर साल स्थिति में सुधार हो रहा है।
पूर्व छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन:
विश्वविद्यालय के ये कोर्स छात्रों को न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी रोजगार के व्यापक अवसर प्रदान करते हैं। इन कोर्सों की वर्तमान समय में अत्यधिक मांग है और उद्योगों में उच्च पदों पर छात्रों की नियुक्ति होती है। यूटीडी के पूर्व छात्रों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। चाहे वह कॉरपोरेट दुनिया हो या अनुसंधान का क्षेत्र, यहां के छात्र हर जगह अपनी छाप छोड़ रहे हैं।
यूजी प्रमुख कोर्स में सीट:
बीएससी सीएस में 50 सीटें हैं। बीएससी बायोटेक में 40 सीटें, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी में 40 सीटें, बीकॉम में 100 सीटें, बीएससी फूड प्रोसेसिंग में 30 सीटें, बीएचएम में 60 सीटें, बीबीए में 40 सीटें और योग में 60 सीटें हैं।
पीजी प्रमुख कोर्स में सीट:
एमबीए में 30 सीटें, एमएससी में 60 सीटें, एमएससी सीएस में 40 सीटें, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी में 30 सीटें, एमकॉम में 30 सीटें और एमएससी फूड प्रोसेसिंग में 30 सीटें हैं।
सर्टिफिकेट कोर्स में रुचि:
सर्टिफिकेट कोर्स जैसे गुड्स एंड सर्विसेस, फूड पैकेजिंग, फूड लॉ, वेस्ट मैनेजमेंट, साइबर लॉ, पायथन प्रोग्रामिंग, एंड्रॉइड प्रोग्रामिंग, रिलेशनशिप मैनेजमेंट, रियल एस्टेट मैनेजमेंट, फूड ब्रेवरेज सर्विसेस, बायोफ्यूल, मशरूम, इंग्लिश स्पीकिंग, मॉड्यूलर डिजाइन, सॉइल टेस्टिंग, प्लांट इश्यू जैसे ढेरों कोर्स उपलब्ध हैं। इन कोर्स की अवधि तीन माह से लेकर छह माह तक है। इनमें प्रवेश के लिए सबसे ज्यादा 2534 इंक्वायरी आ चुकी है। वहीं यूजी-पीजी के लिए भी दो हजार से अधिक आवेदन जमा हुए हैं।
वर्जन:
हम छात्रों को उत्कृष्ट शिक्षा और व्यापक रोजगार अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे विविध पाठ्यक्रम उद्योग की मांगों को पूरा करते हैं और छात्रों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी व आत्मनिर्भर बनाते हैं। हम अपने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव तत्पर हैं। भविष्य में और नए विभाग खुलेंगे।
आचार्य अरुण दिवाकर नाथ वाजपेयी
कुलपति, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय
Author: Deepak Mittal












Total Users : 8168543
Total views : 8196242