बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब दक्षिण छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है। बस्तर संभाग के जगदलपुर में सुबह से ही तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच मौसम में आए इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मौसम प्रभावित होने की संभावना है। इसके चलते कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने जैसी स्थितियां बन सकती हैं।
इस बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ने की आशंका है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है, जबकि कुछ स्थानों पर कटाई भी शुरू हो गई है। ऐसे में बारिश से खेतों में खड़ी फसल और काटकर रखी गई धान को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा सब्जियों की फसलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचने और पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।
Author: Deepak Mittal









