युवा अपनी क्षमता का विस्तार कर भविष्य की ठोस योजना बनाएं : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बलौदाबाजार: वित्त मंत्री एवं यूथ आइकॉन ओ.पी. चौधरी सोमवार को केंद्रीय बजट 2026–27 विषय पर जिला ऑडिटोरियम बलौदाबाजार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदेमातरम् गायन के साथ हुआ।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयघोष के साथ युवाओं से संवाद प्रारंभ किया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर आईएएस बनने तक के संघर्षपूर्ण जीवन अनुभव साझा करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो विपरीत परिस्थितियां और अभाव भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते।

डिग्री नहीं, दिशा के साथ पढ़ाई करें युवा

वित्त मंत्री ने कहा कि युवा परिवर्तन के वाहक होते हैं। किसी भी क्षेत्र में यदि काम करने का जुनून हो तो सफलता निश्चित है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि केवल डिग्री की गिनती के लिए पढ़ाई न करें, बल्कि पढ़ाई को जीवन की योजना से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि युवाओं को यह सोचना चाहिए कि उन्हें किस क्षेत्र में और किस दिशा में आगे बढ़ना है। आलोचनाओं को मन से निकालकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।

आज का भारत संभावनाओं से भरा हुआ

श्री चौधरी ने कहा कि आज का भारत संभावनाओं से भरा हुआ है। शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत बनने की प्रबल संभावना है। उन्होंने कहा कि अब केवल सरकारी नौकरी ही समाज सेवा और अच्छे जीवन का एकमात्र साधन नहीं है, बल्कि खेल, निजी क्षेत्र और उद्यमिता में भी असीम अवसर मौजूद हैं।

उन्होंने बताया कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वर्ष 2047 तक 30 से 40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

केंद्रीय बजट 2026–27 संतुलित और भविष्यपरक

वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 में रेयर अर्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रेलवे, आयुष, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है। यह बजट संतुलित और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस दौरान उन्होंने युवाओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

उन्होंने ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत युवाओं के कौशल विकास और रोजगार नियोजन की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय पहल बताया।

युवा शक्ति बनेगी विकास का इंजन : टंकराम वर्मा

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि युवा संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय बजट और युवाओं के भविष्य निर्माण पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल वर्ष 2026–27 की योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के विकास का इंजन बनेगी और यह बजट युवाओं के लिए गेम चेंजर साबित होगा।

61 युवाओं को रोजगार नियोजन पत्र, प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम को पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, अखिलेश सोनी एवं जिला अध्यक्ष आनंद यादव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के अंतर्गत 61 युवाओं को रोजगार नियोजन पत्र प्रदान किए गए। साथ ही जिले की नव नियुक्त 10 महिला आरक्षक, मल्लखंब के 3 खिलाड़ी एवं क्रिकेट के 2 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment