रायपुर: Raipur के Tikrapara थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पड़ोसी पर मिर्च पाउडर फेंककर मारपीट करने और चाकू से हमला करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता नंदी चौक, टिकरापारा इलाके की रहने वाली है और निजी नौकरी करती है। महिला ने बताया कि 11 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी आदित्य मानिकपुरी उसके घर में घुस आया।
महिला के मुताबिक आरोपी ने कहा कि उनके घर की बिल्ली का खाना उसकी छत पर रखा हुआ था, जिसे वह वापस करने आया है। बातचीत के दौरान अचानक उसने जेब से मिर्च पाउडर निकालकर महिला की आंखों में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी ने उसका गला दबाया और धक्का देकर कमरे के अंदर ले जाकर मारपीट करने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपने पास रखा सब्जी काटने वाला चाकू भी निकाल लिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया और उससे पूछताछ की। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि वह पैसों के लिए हमला कर रहा है।
महिला ने मौका पाकर आरोपी को धक्का दिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने पड़ोसियों को पूरी जानकारी दी और अपनी मां को फोन कर घटना की सूचना दी।
मारपीट में महिला के गर्दन, चेहरे और दाहिने हाथ में चोट आई है। पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8166353
Total views : 8192841