विधवा महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया, अमानवीय सजा ने झकझोरा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

पेंड्रा: जिले के खोडरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रानीझाप से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक विधवा महिला को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर पीटा गया और पूरे गांव में घुमाया गया। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। इस अमानवीय कृत्य से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय पीड़ित महिला लगभग एक वर्ष पूर्व अपने पति के निधन के बाद विधवा हो गई थी। उसका गांव के ही 35 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति हरि प्रसाद राठौर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों 29 अक्टूबर को घर से भागकर मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम मालाचुवा में रह रहे थे। शुक्रवार को जब दोनों वापस गांव लौटे, तो विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

बताया गया कि इसके बाद महिला और हरि प्रसाद के परिजन खोडरी चौकी पहुंचे, जहां महिला ने हरि प्रसाद के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद सभी गांव लौट आए। शुक्रवार रात हरि प्रसाद और महिला को गांव के भुल्लन गोंड़ ने अपने घर में शरण दी थी।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे हरि प्रसाद की पत्नी सरोज राठौर, भाई मनोज राठौर, यशोदा राठौर सहित अन्य लोग एकत्रित हुए और महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने महिला को निर्वस्त्र किया, उस पर गोबर पोता और उसे पीटते हुए पूरे गांव में घुमाया। महिला को गांव के मुख्य मार्ग से होते हुए काली मंदिर तक ले जाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित महिला के परिजन और ग्रामीण, जिनमें अमर सिंह धुर्वे और दशरथ विश्वकर्मा शामिल हैं, मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को बचाया। उन्होंने महिला को कपड़े पहनाए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपने साथ ले गई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था, बल्कि समाज की सोच पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment