सुकमा: जिले के नक्सल प्रभावित और सबसे सुरक्षित माने जाने वाले गोगुंडा इलाके में सुरक्षाबलों का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन और कोबरा 201 के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों के एक बड़े डंप को बरामद कर उनकी बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल गोगुंडा क्षेत्र में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन पर निकले हुए थे। इसी दौरान गोगुंडा पहाड़ के दूसरे छोर पर नक्सलियों का छिपाया हुआ हथियार डंप मिला। तलाशी के दौरान मौके से करीब 5 किलो वजनी एक शक्तिशाली बम भी बरामद किया गया, जिसे जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया गया था। बम निरोधक दस्ते ने तत्परता दिखाते हुए बम को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले बुधवार को भी सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर रमन्ना का करीब 20 फीट ऊंचा स्मारक ढहाया था। इसके बाद से इलाके में लगातार सर्चिंग ऑपरेशन और एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई जारी है।
इस ताजा कार्रवाई से नक्सलियों में घबराहट देखी जा रही है। वहीं, वर्षों से माओवादियों के डर के साये में जी रहे गोगुंडा क्षेत्र के ग्रामीणों में सुरक्षाबलों की मौजूदगी से अब सुरक्षा और भरोसे का माहौल बनता नजर आ रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8153577
Total views : 8172823