अवैध कब्जे पर कार्रवाई का इंतजार, रसूख के बल पर सरकारी जमीन पर मकान बना रहे विनोद का नहीं हट रहा कब्जा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 

जे के मिश्र / बिलासपुर – न्यायधानी बिलासपुर में इन दिनों सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों का सिलसिला तेज हो गया है, जिसे हटाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। शहरी इलाकों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सरकारी जमीन पर कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। बिलासपुर जिले के सकरी तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत पेंडारी में शासकीय भूमि, जो चराई मद के लिए आरक्षित है और जिसका खसरा नंबर 1207/1 है, उस पर परसदा निवासी विनोद सोनवानी ने अवैध रूप से कब्जा कर मकान का निर्माण कर लिया है। यह भूमि कुल 4.0240 हेक्टेयर है, जिसमें से 289 वर्गमीटर (0.07 एकड़) पर कब्जा किया गया है। इस अवैध कब्जे को लेकर सकरी तहसीलदार ने विनोद सोनवानी को बेदखली की सूचना जारी की थी, लेकिन इसके बावजूद वह जमीन पर कब्जा जमाए हुए है।

जानकारों का कहना है कि विनोद सोनवानी अपने रसूख और राजनीतिक संरक्षण के चलते इस सरकारी भूमि पर कब्जा बनाए रखने में सफल हो रहा है। पिछले 17 अक्टूबर को सकरी तहसीलदार ने उसे सात दिनों के भीतर कब्जा हटाने का निर्देश दिया था और कार्रवाई के तहत रिपोर्ट देने को कहा था। हालांकि, अब तक विनोद सोनवानी द्वारा जमीन खाली नहीं की गई है, जिससे प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

शहर की तरह ही ग्रामीण इलाकों में भी सरकारी जमीनों पर कब्जा करने का खेल बदस्तूर जारी है। शहर से सटे कई ग्राम पंचायतों में अलग-अलग मद की कीमती सरकारी जमीनें रसूखदारों और राजनीतिक संरक्षण में सुरक्षित दलालों के कब्जे में जा रही हैं। प्रशासन की कोशिशों के बावजूद भूमाफिया जिले में सक्रिय बने हुए हैं और लगातार सरकारी जमीनों पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं।

प्रशासन से उम्मीद है कि ऐसे रसूखदार कब्जेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment