मलेशिया में शुरू होंगी UPI सेवाएं, पीएम मोदी ने की घोषणा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

मलेशिया: भारत में तेज़ी से लोकप्रिय हो रही यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) सेवा जल्द ही मलेशिया में भी शुरू की जाएगी। इसकी घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मलेशिया दौरे के दौरान रविवार को एक कार्यक्रम में की। हालांकि, UPI सेवा के मलेशिया में शुरू होने की तारीख का अभी खुलासा नहीं किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि UPI सेवाओं के शुरू होने से मलेशिया में रह रहे भारतीयों को बड़ा लाभ मिलेगा। मलेशिया में UPI के ज़रिए वर्चुअल पेमेंट एड्रेस (VPA), QR कोड या मोबाइल नंबर के माध्यम से लेनदेन किया जा सकेगा। खास बात यह है कि इन सेवाओं का उपयोग बैंक अकाउंट के बिना भी संभव होगा और यह टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन के साथ पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर भारत में UPI की बढ़ती सफलता का भी ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष UPI के ज़रिए करीब 640 मिलियन ट्रांजैक्शन किए गए, जो दुनिया में सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाली वीज़ा कार्ड सेवा से भी ज़्यादा हैं। वर्तमान में दुनिया भर में होने वाले आधे से अधिक डिजिटल लेनदेन भारत में UPI के माध्यम से हो रहे हैं।

अपने दो दिवसीय मलेशिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, सहयोग और सेमीकंडक्टर सप्लाई जैसे अहम क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही, भारत द्वारा विवादित धार्मिक नेता ज़ाकिर नाइक के प्रत्यर्पण को लेकर मलेशिया पर दबाव बनाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि भारतीय नागरिक ज़ाकिर नाइक बीते कई वर्षों से मलेशिया में रह रहे हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment