रायबरेली (उत्तर प्रदेश): Uttar Pradesh के रायबरेली जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक और युवती के शव पेड़ से लटकते मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना Raebareli के मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित कन्हई का पुरवा गांव की है, जहां रविवार को शीशम के पेड़ से दोनों के शव बरामद किए गए।
मृतकों की पहचान शिव बहादुर (26) और महिमा (20) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि शिव बहादुर का शव मफलर के फंदे से लटका था, जबकि महिमा का शव परदे के कपड़े के सहारे डाल से झूल रहा था। चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक के दोनों पैर जमीन पर टिके थे और युवती के पैर घुटनों के बल जमीन को छू रहे थे। इस स्थिति ने घटना को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए गए। थाना प्रभारी के अवकाश पर होने के कारण सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाली।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक शिव बहादुर के बड़े भाई रामबरन यादव ने इसे हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जिस हालत में दोनों के पैर जमीन को छू रहे थे, उससे आत्महत्या की संभावना कम प्रतीत होती है।
प्रेम संबंध की चर्चा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिव बहादुर, जो मिल एरिया थाना क्षेत्र के दोहरी गांव का निवासी था और टेंट हाउस में काम करता था, तथा खदरी गांव की महिमा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों परिवार इस रिश्ते के खिलाफ बताए जा रहे हैं और विवाह को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक विरोध के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया हो, हालांकि पुलिस हत्या के बाद शव लटकाए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह मामला आत्महत्या का है या हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8179903
Total views : 8211162