धान चोरी गैंग का भंडाफोड़: ट्रक अपहरण, 280 कट्टा शासकीय धान गायब – बालोद पुलिस का बड़ा एक्शन
दमकसा में छोड़ा ट्रक, कंगलूटोला तक पहुंची चोरी की कहानी – चार आरोपी सलाखों के पीछे
बालोद,बालोद पुलिस को एक बड़ी और सनसनीखेज सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई सटीक कार्रवाई के तहत ट्रक चोरी कर शासकीय धान लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इस संगठित वारदात में मालीघोरी से 900 कट्टा धान से भरा ट्रक चोरी कर दमकसा में छोड़ा गया था, जबकि ट्रक में लदे 280 कट्टा शासकीय धान को आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिया था।
मामले में तत्परता दिखाते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन तथा एसडीओपी बालोद बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में साइबर सेल बालोद एवं थाना बालोद की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 179 कट्टा धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक और मोटरसायकल भी बरामद की गई है।

दिनांक 16.01.2026 को ग्राम मालीघोरी से ट्रक क्रमांक सीजी 08 ए वी 1711, जिसमें 900 कट्टा धान भरा था, अज्ञात आरोपियों द्वारा चोरी कर लिया गया। ट्रक को दमकसा बड़भूम क्षेत्र में छोड़ दिया गया और उसमें से 280 कट्टा धान निकालकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 28/2026, धारा 316(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान आरोपी नेतराम देवांगन ने बताया कि उसके पास दो ट्रक हैं, जिनकी किस्त नहीं चुका पाने के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर धान चोरी की योजना बनाई। तीन दिन तक मालीघोरी धर्मकांटा क्षेत्र में रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। चोरी किए गए ट्रक को झलमला, रानीमाई होते हुए दमकसा ले जाया गया, जहां से 280 कट्टा धान दूसरे ट्रक क्रमांक सीजी 08 ए क्यू 7884 में लोड कर ग्राम कंगलूटोला ले जाया गया।

शासकीय बारदाना होने के कारण धान को लोकल बोरों में भरकर रखा गया और शासकीय बारदाने रास्ते में फेंक दिए गए। वारदात के दौरान ट्रक में लगे जीपीआरएस को भी तोड़कर फेंक दिया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का धान, ट्रक और मोटरसायकल जब्त कर चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
आरोपियों का विवरण
नेतराम देवांगन पिता देव लाल देवांगन, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम कोरगुड़ा, बालोद
काशीराम देवांगन पिता शंकर लाल देवांगन, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम कोरगुड़ा, बालोद
तरुण उर्वसा उर्फ लल्ला पिता यशवंत, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कोरगुड़ा, बालोद
धमेंद्र धनकर पिता रूमलाल, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम कोरगुड़ा, बालोद
जप्त मशरूका
चोरी गया धान
घटना में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक सीजी 08 ए क्यू 7884
मोटरसायकल
कार्रवाई में विशेष भूमिका
थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, उप निरीक्षक धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, आरक्षक भोप सिंह साहू, विपिन गुप्ता, आकाश दूबे, पूरन देवांगन, गुलझारी साहू, मोहन कोकिला का सराहनीय योगदान रहा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8158298
Total views : 8180416