बलौदाबाजार: जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। दोनों जवान ड्यूटी पर जाने के लिए एक बाइक से निकले थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
मौके पर एक की मौत, दूसरे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे हथबंद थाना क्षेत्र के उडेला-पौसरी मार्ग पर हुई। कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव और प्रशांतधर दीवान बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में आरक्षक धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वे वर्तमान में साइबर सेल में पदस्थ थे और ग्राम परसबोड़, थाना साजा, जिला बेमेतरा के निवासी थे।
वहीं, हथबंद निवासी आरक्षक प्रशांतधर दीवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। वे हथबंद थाने में पदस्थ थे और नवागढ़, जिला बेमेतरा के रहने वाले थे।
पुलिस में शोक, जांच जारी
दो जवानों की असामयिक मौत से बलौदाबाजार पुलिस में गहरा शोक है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8160420
Total views : 8183825