सीतापुर: Sitapur जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा Rampur Mathura थाना क्षेत्र के बिसेसर तिराहा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तीन भाइयों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक आपस में ममेरे और फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं, जो अपने चाचा की बारात में शामिल होने के लिए एक ही बाइक से जा रहे थे। इस हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे बारात
जानकारी के मुताबिक Manpur थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी गोलू (32) अपने ममेरे भाइयों भयापुर कोडरी निवासी कुलदीप (27) और सुजीत (25) के साथ बारात में शामिल होने जा रहे थे। उनके सगे चाचा की शादी थी और परिवार में जश्न का माहौल था।
तीनों युवक खुशी-खुशी घर से निकले थे, लेकिन जैसे ही उनकी बाइक बिसेसर तिराहा के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक को लोगों ने दबोचा
हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में खुशी का माहौल बदला मातम में
हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। बारात की तैयारी के बीच परिवार के तीन युवकों की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है।
एक साथ तीन युवकों की मौत से चांदपुर और भयापुर कोडरी गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8168257
Total views : 8195811