बिलासपुर: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुबह प्राप्त इस ई-मेल में हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। हाईकोर्ट के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सख्ती बढ़ा दी गई है तथा हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी एहतियातन तैनात की गई हैं।
साइबर टीम कर रही जांच
पुलिस और साइबर सेल की टीम ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है और जांच पूरी होने तक सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
कामकाज सामान्य
हाईकोर्ट के अधिवक्ता रूद्र प्रताप दुबे ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की जांच की जा रही है। फिलहाल हाईकोर्ट में स्थिति सामान्य है और आम दिनों की तरह न्यायिक कार्य जारी है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं, जिनकी जांच की गई, लेकिन कई मामलों में भेजने वालों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8160421
Total views : 8183827