
तखतपुर। छत्तीसगढ़ के तखतपुर क्षेत्र में एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो खुद को राज्य के राजस्व मंत्री का पीएसओ (निजी सुरक्षा अधिकारी) बताकर धौंस जमा रहा था। इस व्यक्ति ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर न केवल अवैध धंधे चला रखे थे, बल्कि दो युवतियों को भी अपने झूठ के जाल में फंसाकर उनसे शादी कर ली।
वह उनकी कमाई पर ऐश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी का नाम यज्ञ कुमार यादव बताया जा रहा है, जिसके कब्जे से पुलिस ने नकली पिस्तौल, पुलिस वर्दी, वीआईपी सुरक्षा कमांडेंट माना रायपुर के फर्जी सील स्टाम्प पैड जब्त किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी यज्ञ कुमार ने खुद को प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का पीएसओ बताकर तखतपुर क्षेत्र में धौंस जमा रखी थी। वह फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को धमकाता और अवैध धंधे कर रहा था। इसी झूठी पहचान का लाभ उठाते हुए उसने नौकरीपेशा महिलाओं को शादी का झांसा देकर धोखे से उनके साथ विवाह किया और उनके पैसों से ऐश करने लगा। पुलिस को जब इस फर्जीवाड़े की सूचना मिली, तो तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने की कवायद शुरू की गई।
यज्ञ कुमार ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक शिक्षिका को प्रेमजाल में फंसाया और उससे विवाह कर लिया। उसने शिक्षिका के पैसों से महंगी कार खरीदी और अपने रसूख का दिखावा करता रहा। इसी दौरान, उसने एक और बैंककर्मी महिला को भी अपने झूठे दावों में फंसाया और उससे भी आर्य समाज में शादी कर ली। वह दोनों महिलाओं के साथ अलग-अलग स्थानों पर रहता था और उनके पैसों पर ऐश कर रहा था। आरोपी ने अपने गांव के आसपास भी खुद को राजस्व मंत्री का पीएसओ बताकर और अपनी ऊंची पहुंच का दावा कर कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अवैध नशे के व्यापार में शामिल होने का प्रयास कर रहा था।
तखतपुर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट बिलासपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए यज्ञ कुमार यादव को गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस वर्दी, नकली पिस्तौल, बैज, कैप, बेल्ट, और फर्जी सील स्टाम्प पैड बरामद किए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8168862
Total views : 8196657