भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य शासन ने 14 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव भोपाल पुलिस आयुक्त के पद को लेकर हुआ है।
बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार को भोपाल का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा को एससीआरबी का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। गृह विभाग के सचिव अभिषेक सिंह द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां
नक्सल विरोधी अभियान के विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार श्रीवास्तव को सीआईडी का विशेष पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अनंत कुमार सिंह को विशेष पुलिस महानिदेशक नियुक्त करते हुए उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नारकोटिक्स के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के.पी. वेंकटेश्वर राव को तकनीकी सेवाओं का प्रभार दिया गया है। वहीं उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश योग को परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है।
नारकोटिक्स, परिवहन और जोन स्तर पर बदलाव
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी. श्रीनिवास वर्मा को नारकोटिक्स का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। परिवहन विभाग के आयुक्त विवेक शर्मा को पीटीआरआई पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अंशुमन यादव को खेल एवं युवक कल्याण विभाग का संचालक नियुक्त किया गया है, जबकि खेल एवं युवक कल्याण विभाग के संचालक राकेश गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस महानिरीक्षकों के भी तबादले
पुलिस महानिरीक्षक भोपाल (देहात) जोन के अभय सिंह को पुलिस महानिरीक्षक (योजना) बनाया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (योजना) संजय तिवारी अब भोपाल (देहात) जोन के पुलिस महानिरीक्षक होंगे।
पुलिस महानिरीक्षक चैत्रा एन को शहडोल जोन की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पुलिस महानिरीक्षक शिकायत एवं मानव अधिकार आयोग ललित सकवार को बालाघाट जोन का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक मजबूती और पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8150816
Total views : 8168290