अजित पवार की जगह सुनेत्रा पवार बन सकती हैं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री, एनसीपी की अहम बैठक आज

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। उनकी जगह उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसको लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने शनिवार दोपहर करीब दो बजे विधायक दल की अहम बैठक बुलाई है, जिसमें सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नया नेता चुने जाने की संभावना है।

शनिवार सुबह अजित पवार के देवगिरी बंगले के बाहर हलचल देखने को मिली। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उनके आवास के बाहर एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ता रूपाली पटेल ने कहा कि अजित पवार ने हमेशा कार्यकर्ताओं का पिता की तरह ख्याल रखा। उनके अचानक निधन से पार्टी को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि राजनीति में साधारण कार्यकर्ताओं के लिए आगे बढ़ना कठिन होता है, लेकिन अजित पवार ने उन्हें हमेशा आगे आने के मौके दिए।

रूपाली पटेल ने बताया कि सुनेत्रा पवार पर्दे के पीछे रहकर लंबे समय से संगठन का काम संभालती रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुनेत्रा पवार से अजित पवार के विजन को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। उनका शपथ ग्रहण समारोह शाम 5 बजे प्रस्तावित है। यदि ऐसा होता है तो सुनेत्रा पवार राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन जाएंगी।

इस घटनाक्रम के बाद एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग सकता है। पिछले कुछ दिनों से शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी और अजित पवार गुट के विलय की चर्चाएं तेज थीं। एनसीपी-एसपी ने हाल ही में दावा किया था कि बातचीत अंतिम चरण में है और जल्द ही आधिकारिक घोषणा हो सकती है।

पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने कहा था कि दोनों गुटों के बीच तीन से चार महीने से बातचीत चल रही थी और विलय लगभग तय माना जा रहा था। वहीं, पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने भी कहा कि अजित पवार विलय के पक्ष में थे। जयंत पाटिल द्वारा भी इस संबंध में बैठकें की गई थीं।

हालांकि, मौजूदा हालात में एनसीपी ने एनडीए के साथ बने रहते हुए सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुनने के लिए बैठक बुलाई है, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति में नई दिशा तय होने की संभावना है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

February 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728

Leave a Comment