जगदलपुर: नक्सल मोर्चे पर ओडिशा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से सक्रिय और 21 लाख रुपये के इनामी माओवादी सुखराम मरकाम उर्फ योगेश उर्फ सुरेश ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। यह सरेंडर ओडिशा के मलकानगिरी जिले में किया गया।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण के दौरान सुखराम मरकाम के पास से एक एसएलआर राइफल और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। माओवादी संगठन में वह एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) रैंक का सक्रिय कैडर था और वर्ष 2010 से संगठन से जुड़ा हुआ था।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सुखराम मरकाम कई गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल रहा है। वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का निवासी है और उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में नक्सल संबंधी कई गंभीर मामले दर्ज थे।
लगातार दबाव, सघन सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा बलों की प्रभावी कार्रवाई के चलते माओवादी सुखराम मरकाम ने अंततः हथियार डालने का निर्णय लिया। मलकानगिरी के पुलिस अधीक्षक विनोद पाटिल ने इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस आत्मसमर्पण से माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
सुरक्षा बलों को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद अन्य नक्सली भी मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित होंगे।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8153578
Total views : 8172824