रायपुर: ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का दूसरा एपिसोड प्रसारित हो गया है। इस एपिसोड का प्रसारण दूरदर्शन के सभी प्रमुख चैनलों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है। इसके अलावा ऑल इंडिया रेडियो पर भी श्रोता इस कार्यक्रम को सुन सकते हैं। कार्यक्रम का पहला एपिसोड 6 फरवरी को टेलीकास्ट हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए थे।
दूसरे एपिसोड में देशभर के छात्रों को एक मंच पर लाया गया है। इस सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, गुजरात और असम के छात्रों से सीधे संवाद कर रहे हैं। बातचीत के दौरान छात्र परीक्षा, तनाव, करियर और जीवन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री से सवाल पूछते नजर आए।
आज जारी किया गया यह वीडियो नवा रायपुर में शूट किया गया है। गौरतलब है कि बीते दिनों प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आए थे। इसी दौरान नवा रायपुर में डीजी/आईजी कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था, जहां प्रधानमंत्री ने होनहार विद्यार्थियों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक और खास पल तब देखने को मिला, जब छत्तीसगढ़ के छात्र प्रधानमंत्री मोदी के लिए पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन खुरमी और ठेठरी लेकर पहुंचे। प्रधानमंत्री ने भी आत्मीयता दिखाते हुए छात्रों को अपने हाथों से ये व्यंजन खिलाए। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों को खासा पसंद आ रहा है।
‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का यह एपिसोड न केवल छात्रों के लिए मार्गदर्शन का माध्यम बना, बल्कि इसमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति और अपनापन भी देखने को मिला।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8154778
Total views : 8174803