मुंबई: अमेरिका-भारत ट्रेड डील से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुआ। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 2,072.67 अंक यानी 2.54 प्रतिशत की तेजी के साथ 83,739.13 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 639.15 अंक या 2.55 प्रतिशत चढ़कर 25,727.55 पर पहुंच गया।
बाजार में तेजी का नेतृत्व रियल्टी और वित्तीय शेयरों ने किया। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी रियल्टी 4.79 प्रतिशत और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 3.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर्स रहे। इसके अलावा निफ्टी हेल्थकेयर 3.16 प्रतिशत, निफ्टी इन्फ्रा 3.03 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 3.02 प्रतिशत, निफ्टी एनर्जी 3.02 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 2.81 प्रतिशत और निफ्टी मेटल 2.87 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स पैक के 30 में से 28 शेयरों में तेजी दर्ज की गई। अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इंडिगो, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, एसबीआई, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, एनटीपीसी, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक और एमएंडएम प्रमुख लाभ में रहे। वहीं बीईएल और टेक महिंद्रा नुकसान में बंद हुए।
लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,639.50 अंक या 2.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,307.10 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 465.60 अंक या 2.82 प्रतिशत चढ़कर 16,988.95 पर पहुंच गया।
मार्केट एक्सपर्ट सुनील शाह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से घरेलू अर्थव्यवस्था और पूंजी बाजारों के लिए सकारात्मक माहौल बना है, जिससे लंबी अवधि में भारत की विकास दर को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस समझौते से कपड़ा, रत्न एवं आभूषण सहित कई क्षेत्रों को लाभ होगा।
वहीं मार्केट एक्सपर्ट जितेंद्र व्यास ने कहा कि ट्रेड डील पर बाजार की प्रतिक्रिया बेहद सकारात्मक रही है। इससे टेक्सटाइल सेक्टर को बड़ा फायदा मिलेगा, क्योंकि भारतीय निर्यातक अब अमेरिका में बांग्लादेश जैसे देशों के मुकाबले अधिक प्रतिस्पर्धी कीमतों पर अपने उत्पाद बेच सकेंगे। इसके अलावा फार्मा और आईटी सेक्टर को भी इस डील से लाभ होने की उम्मीद है।
शेयर बाजार विशेषज्ञ दीपेन दुधिया ने बताया कि अमेरिकी टैरिफ के चलते पहले बाजार में गिरावट आई थी, लेकिन अब यह घटकर 18 प्रतिशत रह गया है। इससे निवेशकों की रुचि बढ़ेगी और आने वाले समय में शेयर बाजार में करीब 15 प्रतिशत तक की बढ़त देखने को मिल सकती है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167998
Total views : 8195491