शिवा साहू ठगी केस: बैंकिंग सिस्टम में फर्जीवाड़ा उजागर, HDFC बैंक के 6 कर्मचारी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बिलाईगढ़: जिले के बहुचर्चित रायकोना ठगी कांड में सरसीवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकिंग सिस्टम के भीतर चल रहे कथित फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। इस मामले में HDFC बैंक के छह कर्मचारियों की गिरफ्तारी से इलाके में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि बैंक कर्मियों की मिलीभगत से होल्ड खातों से फर्जी लेटरपैड के जरिए लाखों रुपये की अवैध निकासी की गई।

पुलिस के अनुसार, कुख्यात महाठग शिवा साहू के होल्ड खाते से करीब 10 लाख रुपये, जबकि उसकी कथित मंगेतर रितु साहू के खाते से लगभग 21 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई। यह रकम बैंक के नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं को दरकिनार करते हुए फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से निकाली गई थी।

मामले की गहन जांच के दौरान बैंक कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने HDFC बैंक सारंगढ़ शाखा से अभिषेक जायसवाल, दिनेश अनंत और पूजा मानिकपुरी को गिरफ्तार किया। वहीं बिलाईगढ़ शाखा से टीकाराम साहू, हनुमंत राव टंडन और प्रमोद देवांगन को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों शाखाओं के प्रबंधकों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। उनसे जुड़े दस्तावेजों और बैंक लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

गौरतलब है कि इस ठगी कांड का मुख्य आरोपी शिवा साहू फिलहाल जमानत पर बाहर है, लेकिन उसके बैंक खातों से हुई अवैध निकासी ने एक बड़े और संगठित बैंकिंग फर्जीवाड़े की ओर इशारा किया है।

सरसीवां पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और ठगी, जालसाजी व आपराधिक षड्यंत्र में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment