लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के बीच राज्य सरकार ने बड़ा और अहम फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी 2026 तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
यह आदेश CBSE, ICSE, यूपी बोर्ड समेत सभी मान्यता प्राप्त सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ठंड के इस जानलेवा प्रकोप में बच्चों की सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आदेशों की अवहेलना करने वाले स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
सीएम योगी ने जिला प्रशासन और शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हालात पर लगातार नजर रखें और ज़मीनी स्तर पर निरीक्षण सुनिश्चित करें। मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी जरूरी फैसले लिए जा सकते हैं।
रैन बसेरों को लेकर भी सख्ती
भीषण ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री ने रैन बसेरों (नाइट शेल्टर) को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों में कंबल, गर्माहट और जरूरी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा गया है।
बच्चों, बुजुर्गों और असहायों पर विशेष फोकस
सीएम योगी ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और असहाय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि शीतलहर से राहत के लिए सभी जरूरी इंतजाम तुरंत पूरे किए जाएं।
प्रदेश में ठंड का कहर जारी
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाया हुआ है। कई इलाकों में करीब दस दिन बाद धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन कोहरे के कारण सड़क हादसों की खबरें भी लगातार सामने आ रही हैं।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
संकेत साफ हैं—जब तक ठंड का कहर जारी है, बच्चों की सुरक्षा से बड़ा कोई फैसला नहीं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8163013
Total views : 8187653