नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर Rohit Shetty ने अपने 52वें जन्मदिन के मौके पर सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी Golmaal 5 की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है।
रोहित शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो और लंबा नोट शेयर करते हुए बताया कि पहली Golmaal: Fun Unlimited उनके करियर के लिए बेहद खास रही है। उन्होंने लिखा कि 20 साल पहले रिलीज हुई इस फिल्म ने उनकी जिंदगी बदल दी थी और इसका श्रेय दर्शकों को जाता है।
दर्शकों के समर्थन का जताया आभार
रोहित शेट्टी ने अपने पोस्ट में लिखा कि पिछले 20 सालों में उनकी टीम ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी दर्शक निराश भी हुए होंगे, लेकिन उनकी टीम ने हमेशा ईमानदारी से काम किया है।
उन्होंने आगे बताया कि अब वह अपनी टीम के साथ एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं और ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग शुरू होने जा रही है।
अक्षय कुमार भी होंगे फिल्म का हिस्सा
इस घोषणा के बाद बॉलीवुड अभिनेता Akshay Kumar ने भी अपने इंस्टाग्राम पर वही वीडियो शेयर करते हुए रोहित शेट्टी को जन्मदिन की बधाई दी और फिल्म की स्टारकास्ट में अपने शामिल होने की पुष्टि की।
अक्षय कुमार ने लिखा कि रोहित शेट्टी के जन्मदिन पर यह पागलपन और भी बड़ा और ज़ोरदार हो गया है। उन्होंने कहा कि वह ‘गोलमाल 5’ के इस क्रेजी परिवार का हिस्सा बनने को लेकर काफी उत्साहित हैं।
2006 में शुरू हुई थी ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी
गौरतलब है कि ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 2006 में रिलीज हुई थी। इसके बाद 2008, 2010 और 2017 में इसकी अगली किस्तें आईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया। इन सभी फिल्मों का निर्देशन रोहित शेट्टी ने ही किया था। अब दर्शकों को इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी की पांचवीं फिल्म का इंतजार है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167287
Total views : 8194374