PV Sindhu दुबई में फंसीं, ईरानी ड्रोन हमले के बाद एयरपोर्ट बंद

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दुबई: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दुबई में फंस गई हैं। क्षेत्र में सैन्य टकराव और ड्रोन हमलों के बाद Dubai International Airport और Al Maktoum International Airport पर अगली सूचना तक फ्लाइट ऑपरेशन निलंबित कर दिए गए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सिंधु 3 मार्च से शुरू होने वाले All England Open में हिस्सा लेने के लिए यूके के बर्मिंघम रवाना होने वाली थीं। अन्य खिलाड़ी पहले ही रवाना हो चुके थे, लेकिन अचानक हालात बिगड़ने से उनकी उड़ान रद्द हो गई और वह दुबई में ही रुक गईं।

सोशल मीडिया पर साझा किया हाल

सिंधु ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “अगली सूचना तक सभी फ्लाइट्स सस्पेंड।”
वहीं X (पूर्व ट्विटर) पर उन्होंने कहा कि हालात तेजी से बदल रहे हैं और ऊपर से इंटरसेप्शन की आवाज़ें सुनना बेहद डरावना अनुभव रहा।

उन्होंने लिखा,
“दुबई एक ऐसा शहर है जिससे मैं बहुत प्यार करती हूं। यह हमेशा सुरक्षित और जीवंत महसूस हुआ है, इसलिए मौजूदा हालात को समझना मुश्किल है। मैं सुरक्षित हूं, अपनी टीम के साथ दुबई में फंसी हूं। एयरपोर्ट पर अफरातफरी है, कई परिवार इंतजार कर रहे हैं। ऐसे पल याद दिलाते हैं कि ज़िंदगी कितनी नाज़ुक है।”

ड्रोन हमलों से दहला दुबई

तनाव उस समय और बढ़ गया जब ईरान की ओर से ड्रोन हमलों की खबरें सामने आईं। बताया जा रहा है कि Dubai International Airport के आसपास भी ड्रोन गतिविधि देखी गई, जिसके बाद एहतियातन एयरपोर्ट को खाली कराया गया।

दुनिया की सबसे ऊंची इमारत Burj Khalifa के पास धमाके की खबरें आईं, जबकि पाम जुमेराह स्थित Fairmont The Palm और 7-स्टार Burj Al Arab के आसपास आग और धुएं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं।

खिलाड़ियों और यात्रियों में चिंता

एयरपोर्ट बंद होने से हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं। कई परिवार टर्मिनल पर फंसे हुए हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

फिलहाल सिंधु और उनकी टीम सुरक्षित बताई जा रही है। टूर्नामेंट में उनकी भागीदारी अब क्षेत्रीय हालात और फ्लाइट संचालन बहाल होने पर निर्भर करेगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment