रतलाम से इमरान खान की रिपोर्ट
रतलाम। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव रतलाम सर्किल जेल में बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जेल प्रशासन की ओर से खाटू श्याम की भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें कैदियों ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया।

कार्यक्रम की सबसे खास झलक हिंदू-मुस्लिम एकता रही। जहां हिंदू कैदी भजनों पर झूमते नजर आए, वहीं मुस्लिम कैदियों ने उन पर पुष्पवर्षा कर भाईचारे का संदेश दिया। वर्तमान में रतलाम सर्किल जेल में 500 से अधिक कैदी सजा काट रहे हैं। समय-समय पर जेल प्रशासन द्वारा विभिन्न त्यौहारों और पर्वों का आयोजन किया जाता है, ताकि कैदियों में धार्मिक और सामाजिक सद्भावना बनी रहे।
भजन संध्या के सफल आयोजन में जलज सांखला, सजल छाजेड़, कुणाल चौहान, मुकेश व्यास, दर्शन चौहान, अनिल चौहान, जयंत माली, अक्षय कसेरा सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम पश्चात सभी कैदियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। साथ ही आयोजनकर्ताओं जलज सांखला और सजल छाजेड़ ने जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया एवं उप जेल अधीक्षक ब्रजेश मकवाना का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया।

जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार समय-समय पर कैदियों के लिए सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में जन्माष्टमी का पर्व उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। उन्होंने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8127420
Total views : 8132083