धनतेरस पर प्रधानमंत्री का बड़ा उपहार, बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, गरीबों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 

जे के मिश्र / बिलासपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अक्टूबर को धनतेरस के अवसर पर कोनी स्थित सिम्स के नए मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। लोकार्पण के लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।

जिला कलेक्टर अवनीश शरण और एसपी रजनेश सिंह ने शुक्रवार को अस्पताल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम अभी प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन इसे लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। इस 10 मंजिला अस्पताल का निर्माण लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, जिसमें 240 बेड और छह सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं होंगी।

अत्याधुनिक मशीनों से सुसज्जित अस्पताल

कोनी में निर्मित इस 10 मंजिला सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 110 प्रकार की अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं। राज्य के बड़े शहरों में गिने जाने वाले बिलासपुर के लिए यह अस्पताल एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा, जहां संभाग और आसपास के क्षेत्रों से मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। इस अस्पताल के जरिए अब गंभीर बीमारियों के मरीजों को अन्य शहरों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें बिलासपुर में ही उचित इलाज उपलब्ध हो सकेगा।

रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

अस्पताल से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी खुलेंगे। इस अस्पताल के लिए 277 पदों को मंजूरी दी गई है, जिसमें 113 पद प्रशासनिक, 134 कार्यालयीन, और 30 पद पैरामेडिकल स्टाफ के लिए स्वीकृत किए गए हैं। प्रारंभ में कुछ विभागों की ओपीडी शुरू की जाएगी और विशेषज्ञों की भर्ती के बाद अन्य विभागों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

यह अस्पताल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाएगा बल्कि क्षेत्र में रोजगार का एक मजबूत आधार भी बनेगा, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment