भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी को प्रधानमंत्री मोदी ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर आज पूरे देश से शुभकामनाओं का तांता लगा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्हें बधाई देते हुए कहा—

“लालकृष्ण आडवाणी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। महान दूरदर्शिता और बुद्धिमत्ता से संपन्न नेता, आडवाणी जी का जीवन भारत की प्रगति को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने सदैव निस्वार्थ कर्तव्य और दृढ़ सिद्धांतों की भावना को अपनाया है। उनके योगदान ने भारत के लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक परिदृश्य पर अमिट छाप छोड़ी है। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करे।”

 भाजपा नेताओं ने भी दी शुभकामनाएं

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पोस्ट में लिखा—

“भाजपा परिवार के आधारस्तंभ, हम सभी के मार्गदर्शक तथा असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणापुंज, पूर्व उपप्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण की अद्वितीय मिसाल है। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें।”

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा—

“राजनीति में शुचिता और सेवा के प्रतीक, भारतीय जनता पार्टी की जड़ों को सींचकर विशाल वटवृक्ष बनाने वाले हमारे मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्रीराम की कृपा आप पर अनवरत बनी रहे।”

 लोकसभा अध्यक्ष की शुभकामनाएं

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी एक्स पर लिखा—

“वरिष्ठ राजनेता, भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। अपने सुदीर्घ सामाजिक एवं संसदीय जीवन में उन्होंने सदैव राष्ट्रकल्याण को प्राथमिकता दी। ईश्वर उन्हें स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु रखें।”

लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के उन विरल नेताओं में शामिल हैं जिनका जीवन सिद्धांत, राष्ट्रसेवा और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। भाजपा की नींव को मजबूत करने और जनसंघ से लेकर आज की सशक्त पार्टी बनाने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment