नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती मिलने जा रही है। दोनों देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते (Interim Trade Deal) की रूपरेखा पर सहमति बन गई है। इस अहम प्रगति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार जताया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका जैसे दो महान देशों के बीच इस अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति बनना द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की सराहना करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता साफ नजर आती है।
पीएम मोदी के अनुसार, यह समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई दिशा देगा और व्यापार, निवेश व रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देगा। माना जा रहा है कि इस अंतरिम डील से कई लंबित व्यापारिक मुद्दों का समाधान होगा और भविष्य में एक व्यापक व्यापार समझौते की नींव रखी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों, उद्यमियों, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), स्टार्टअप्स और मछुआरों को नए अवसर मिलेंगे, जिससे मेक इन इंडिया अभियान और मजबूत होगा। उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे भारत विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, हम ऐसी वैश्विक साझेदारियों के लिए प्रतिबद्ध हैं जो हमारे लोगों को सशक्त बनाएं और साझा समृद्धि में योगदान दें।”
ट्रेड डील की प्रमुख बातें
-
रूस से तेल खरीद को लेकर भारत पर लगाया गया 25% अतिरिक्त टैरिफ समाप्त
-
कुल टैरिफ दर घटाकर 18 प्रतिशत की गई
-
एयरक्राफ्ट और उससे जुड़े उपकरणों पर ड्यूटी पूरी तरह खत्म
-
भारत ने अपने महत्वपूर्ण कृषि उत्पादों को सुरक्षित रखने में सफलता पाई
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बयान
इसी ट्रेड डील फ्रेमवर्क को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक कार्यकारी आदेश में भारत की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक मामलों में अमेरिका के साथ तालमेल बिठाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
ट्रंप ने कहा कि भारत ने रूसी संघ से तेल का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है और अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने पर सहमति दी है। इसके अलावा, दोनों देशों ने अगले 10 वर्षों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए भी एक रूपरेखा तय की है। इन प्रयासों को ध्यान में रखते हुए अमेरिका ने भारत से आयातित वस्तुओं पर लगाए गए अतिरिक्त मूल्य-आधारित शुल्क को समाप्त करने का फैसला लिया है।
डील में क्या-क्या रहा सुरक्षित
अंतरिम व्यापार समझौते में भारत ने कृषि और डेयरी क्षेत्र के हितों को पूरी तरह सुरक्षित रखा है। समझौते के दायरे से बाहर रखे गए उत्पादों में—
-
गेहूं, बाजरा और अन्य सूखे अनाज
-
पशु आहार के लिए लाल ज्वार
-
मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फल
-
सोयाबीन तेल, शराब और स्पिरिट
-
सब्जियां और मसाले
-
डेयरी उत्पाद पूरी तरह बाहर
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत ने बातचीत के दौरान स्पष्ट कर दिया था कि कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में कोई समझौता नहीं होगा। इसी कारण इन उत्पादों को टैरिफ कटौती और बाजार खोलने जैसी शर्तों से अलग रखा गया है, जिसे किसानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8153449
Total views : 8172607