कोरबा में खड़ी बाइक की पेट्रोल टंकी ब्लास्ट, आग लगने का कारण अज्ञात

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कोरबा: जिले के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़निया में एक खड़ी बाइक में अचानक आग लग गई, जिससे पेट्रोल टंकी फटने का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।

मिली जानकारी के अनुसार, बाइक चालक मनीराम यादव सर्वमंगला से अपने गृह ग्राम पड़निया जा रहा था। रास्ते में शराब के नशे के कारण उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और वहीं सो गया। इसी दौरान बाइक में अचानक आग लग गई। आग लगने का स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आ सका है।

आग लगते ही बाइक की पेट्रोल टंकी ब्लास्ट हो गई, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए। कुछ राहगीरों की नजर जलती हुई बाइक और उसके पास सो रहे चालक पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए मनीराम यादव को तत्काल बाइक से दूर हटाया। कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर चालक के परिजन मौके पर पहुंचे और नशे की हालत में बेसुध मनीराम यादव को किसी तरह घर ले जाया गया। अगर समय रहते राहगीरों ने चालक को वहां से नहीं हटाया होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जानकारी संबंधित पुलिस को दी गई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment