बेमेतरा: जिले के सरदा लेंजवारा धान संग्रहण केंद्र में करोड़ों रुपये के धान की भारी अनियमितता सामने आई है। जांच में लगभग 17 करोड़ रुपए मूल्य का धान गायब पाए जाने की पुष्टि हुई है। गंभीर लापरवाही और अनियमितता के चलते संग्रहण केंद्र प्रभारी नीतीश पाठक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है, वहीं जांच दल ने पूरे मामले का प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, बीते वर्ष सरदा लेंजवारा धान संग्रहण केंद्र में विभिन्न सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 65 हजार क्विंटल धान का संग्रह किया गया था। हालांकि, जब प्रशासनिक टीम द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मौके पर मात्र करीब 11 हजार क्विंटल धान ही पाया गया, जबकि लगभग 53 हजार क्विंटल धान कम मिला।
खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि रिकॉर्ड के अनुसार केंद्र में 65,287 क्विंटल धान होना चाहिए था, लेकिन भौतिक जांच के दौरान केवल 11,648 क्विंटल धान ही उपलब्ध मिला। इस तरह कुल 53,639 क्विंटल धान गायब पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 17 करोड़ रुपए आंकी गई है।
खाद्य अधिकारी ओंकार सिंह ठाकुर ने बताया कि जांच रिपोर्ट में भारी गड़बड़ी की पुष्टि हुई है और मामले में आगे की प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और पूरे धान उपार्जन तंत्र की भी गहन समीक्षा की जाएगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162691
Total views : 8187200