राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल ड्रग नेटवर्क का खुलासा करते हुए कथित रूप से महंगे ‘ओजी (ओशियन ग्रोथ)’ गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रितिक पसरिचा (26), जो मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है, रायपुर के शंकर नगर स्थित एक किराए के मकान में रहकर गांजे की सप्लाई का काम कर रहा था। वह दिल्ली से कुरियर के माध्यम से प्रतिबंधित सामग्री मंगवाता था और यहां ग्राहकों को बेचता था।
शनिवार (11 अप्रैल) को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कटोरा तालाब इलाके में एक ग्राहक को गांजा देने पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 114 ग्राम कथित ‘ओजी गांजा’, एक मोबाइल फोन और अन्य सामान्य गांजा बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3.62 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि बरामद गांजा ‘ओजी ग्रेड’ का है, जिसे हाइड्रोपोनिक तकनीक से तैयार किया जाता है। इस तकनीक में मिट्टी के बजाय पानी और पोषक तत्वों की मदद से पौधे उगाए जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत काफी अधिक बताई जाती है।
आरोपी रितिक पसरिचा पेशे से बार सिंगर बताया जा रहा है और वह रायपुर में म्यूजिक एल्बम बनाने के बहाने रह रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, जिसमें सप्लायर और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8180285
Total views : 8211682