कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल करते हुए प्रेशर कुकर आईईडी बरामद कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। रविवार को जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड) और Border Security Force की टीम को यह सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार, नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत ग्राम कुरकुंज के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग की जा रही थी। इसी दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि के संकेत मिले, जिसके बाद इलाके की गहन तलाशी ली गई। तलाशी में जमीन में छिपाकर रखा गया प्रेशर कुकर आईईडी बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में विस्फोटक का वजन लगभग 5 से 7 किलोग्राम आंका गया, जो बड़े नुकसान का कारण बन सकता था।
सूचना मिलते ही बीएसएफ की बम निरोधक दस्ता (BDS) टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को सावधानीपूर्वक डिफ्यूज कर नियंत्रित तरीके से नष्ट कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोटक को इस तरह से प्लांट किया गया था कि सुरक्षाबलों या आम नागरिकों की आवाजाही के दौरान विस्फोट हो सके।
सुरक्षाबलों ने बताया कि नक्सली अक्सर जंगल और पहाड़ी इलाकों में आईईडी लगाकर जवानों को निशाना बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन लगातार सर्च ऑपरेशन और मजबूत खुफिया तंत्र के चलते ऐसे प्रयास विफल किए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में थाना कोयलीबेड़ा में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में सर्चिंग और गश्त तेज कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या सुरक्षाबलों को दें।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8159317
Total views : 8182050