रायपुर। राजधानी रायपुर की मौदहापारा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर एक बार फिर अपनी सतर्कता और कार्यकुशलता का परिचय दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
मामला 1: धारदार हथियार लहराते असलम खान गिरफ्तार
दिनांक 27 जून 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि उडान कोचिंग के पास सुलभ शौचालय के सामने एक व्यक्ति लोहे का धारदार चाकू लहराते हुए राहगीरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा है। मौदहापारा थाना प्रभारी निरीक्षक यामन देवांगन के नेतृत्व में टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी असलम खान (32 वर्ष) को हथियार सहित गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं 25 व 27 के तहत अपराध क्रमांक 122/2025 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
मामला 2: मेकाहारा अस्पताल में महिला से मोबाइल व नकदी चोरी
दूसरे मामले में 26 जून 2025 को बिलासपुर निवासी नेहा सेन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मेकाहारा अस्पताल में अपनी मां से मिलने आई थी। देर रात जब वह आईसीयू के बाहर बरामदे में सो रही थी, तभी एक व्यक्ति उसका मोबाइल और पर्स चोरी कर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान प्रदीप सेन्द्रे (41 वर्ष) के रूप में हुई, जो अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ₹13,000 नकद, एक सैमसंग मोबाइल (₹6,000) और एक रियलमी मोबाइल (₹7,000) की चोरी स्वीकार की। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध क्रमांक 118/2025 दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस अपील:
थाना प्रभारी यामन देवांगन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, जिससे अपराधों पर सख्ती से लगाम लगाई जा सके।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165159
Total views : 8191027