हरियाणा: कहते हैं जब किस्मत मेहरबान होती है तो ज़िंदगी रातों-रात बदल जाती है। ऐसा ही चमत्कार सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र के मुहम्मदपुरिया गांव निवासी पृथ्वी कुमार के साथ हुआ है। पेशे से दिहाड़ी मजदूर और ड्राइवर पृथ्वी कुमार ने पंजाब स्टेट डियर लॉटरी की “लोहड़ी मकर संक्रांति बंपर 2026” में पहला इनाम जीतकर 10 करोड़ रुपये हासिल किए हैं।
35 वर्षीय पृथ्वी कुमार एक साधारण और मेहनतकश परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वे गांव में रहकर दिहाड़ी मजदूरी और ड्राइविंग कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी पत्नी सुमन रानी एक स्कूल में प्यून (पीएन) के पद पर कार्यरत हैं। सीमित आय के बावजूद परिवार ईमानदारी और मेहनत से जीवन यापन कर रहा था। ऐसे में 10 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
पृथ्वी कुमार ने बताया कि उन्होंने डबवाली के पास किलियांवाली से तीसरी बार लॉटरी टिकट खरीदी थी। इससे पहले दो बार भी उन्होंने लॉटरी ली थी, लेकिन कभी इतनी बड़ी जीत की उम्मीद नहीं की थी। जब फोन पर उन्हें इनाम की जानकारी मिली तो वे विश्वास ही नहीं कर पाए। बाद में पुष्टि होने पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल बन गया और आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
लॉटरी जीतने की खबर मिलते ही मुहम्मदपुरिया गांव में जश्न का माहौल बन गया। पृथ्वी कुमार के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। गांव के सरपंच और ग्रामीणों ने इसे पूरे गांव के लिए गर्व की बात बताया और कहा कि मेहनतकश व्यक्ति को मिला यह इनाम समाज के लिए प्रेरणा है।
इस बड़ी जीत के बाद परिवार ने भविष्य को लेकर नए सपने देखना शुरू कर दिया है। पत्नी सुमन रानी ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उनके घर 10 करोड़ रुपये आएंगे। अब वे बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य देना चाहती हैं। वहीं 6 वर्षीय बेटा दक्ष मासूमियत में बड़ी और आलीशान गाड़ी खरीदने की जिद कर रहा है।
लॉटरी विक्रेता मदन सिंह ने बताया कि वे लंबे समय से किलियांवाली में लॉटरी बेच रहे हैं, लेकिन सिरसा जिले के किसी व्यक्ति को इतना बड़ा इनाम मिलना उनके लिए भी गर्व की बात है। पृथ्वी कुमार की यह कहानी आज उन सभी लोगों के लिए उम्मीद की मिसाल बन गई है, जो कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और विश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165521
Total views : 8191450