दोस्त के पिता को बताया शराब पीने की बात, गुस्से में आकर नाबालिग की हत्या

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कोरिया: जिले के रनई गांव में 15 वर्षीय नाबालिग रितेश सिंह की मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह घटना 4 जनवरी की रात करीब 8 से 9.30 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोस्त के पिता को शराब पीने की जानकारी देना ही इस हत्याकांड की वजह बना।

पुलिस के अनुसार, मृतक रितेश सिंह (पिता श्यामलाल) अपने जन्मदिन के मौके पर दोस्तों के साथ बैकुंठपुर स्थित झुमका डेम गया था, जहां पार्टी के दौरान सभी दोस्तों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद पटना पहुंचने पर आरोपी विद्याचंद्र साहू ने दोबारा शराब खरीदी और पी। इसी दौरान रितेश ने आरोपी का मोबाइल फोन उठाकर उसके पिता को फोन कर यह बता दिया कि वह पटना में है और शराब पी रहा है। इस बात से आरोपी बुरी तरह नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद हो गया।

विवाद के बाद रितेश पैदल ही अपने घर की ओर निकल गया। आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपी विद्याचंद्र साहू ने जानबूझकर अपने वाहन को बाईं ओर मोड़ते हुए रितेश को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल रितेश को अन्य दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद चारों दोस्त अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ राजेश साहू ने अन्य दोस्तों से सघन पूछताछ की, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में एसटी-एससी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment