कॉलोनी में भीषण आग, 150 लोग फंसे; 20 से ज्यादा झुलसे

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

गाजियाबाद: शहर के खोड़ा इलाके में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई और अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना बीरबल चौकी के पास गोल्डन पैलेस के नजदीक स्थित एक अपार्टमेंट की है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग ग्राउंड फ्लोर पर सीढ़ियों और इलेक्ट्रिकल पैनल के पास लगी, जिससे धुआं सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। हालात ऐसे बन गए कि लोग नीचे उतरने में असमर्थ हो गए। करीब 40-45 फ्लैट वाली इस इमारत में लगभग 150 लोग मौजूद थे, जो धुएं के कारण अंदर ही फंस गए।

🚒 10 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

फायर स्टेशन वैशाली को रात 11:47 बजे आग लगने की सूचना मिली। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। करीब 10 फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंचे।

दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। फायर टेंडरों की हाइड्रोलिक सीढ़ियों को ऊपरी मंजिलों तक फैलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई लोगों को खिड़कियों और बालकनी के रास्ते रेस्क्यू किया गया। साथ ही, सीढ़ियों और इलेक्ट्रिकल पैनल में लगी आग पर काबू पाने का काम भी जारी रहा।

 20 से ज्यादा लोग झुलसे

करीब 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि 20 से 22 लोग धुएं की चपेट में आने से झुलस गए या उनकी तबीयत बिगड़ गई। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment