Manipur: युमनाम खेमचंद सिंह ने 13वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, राष्ट्रपति शासन समाप्त

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

इंफाल: सिंगजामेई विधानसभा क्षेत्र से BJP के वरिष्ठ विधायक युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही राज्य में करीब दो वर्षों से लागू राष्ट्रपति शासन समाप्त हो गया।

मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इंफाल स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में युमनाम खेमचंद सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, विपक्ष के नेता ओकराम इबोबी सिंह समेत कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता मौजूद रहे। शपथ समारोह में BJP के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मणिपुर चुनाव प्रभारी तरुण चुघ और BJP नॉर्थईस्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. संबित पात्रा भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्रियों ने भी शपथ ली। कुकी-ज़ो समुदाय से आने वाली BJP नेता नेमचा किपगेन ने नई दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से वर्चुअल माध्यम से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं, NDA की सहयोगी पार्टी नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के नेता लोसी दिखो ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

इसके अलावा BJP विधायक गोविंददास कोंथौजम और नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के नेता खुरैजम लोकेन सिंह को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया।

इससे पहले इंफाल एयरपोर्ट पहुंचने के बाद BJP विधायक दल के नेता चुने गए युमनाम खेमचंद सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। BJP को सरकार गठन के लिए सहयोगी दलों और अन्य विधायकों का समर्थन मिला। नेशनल पीपुल्स पार्टी के 6 विधायक, नागा पीपुल्स फ्रंट के 5 विधायक, जनता दल (यूनाइटेड) का 1 विधायक और 2 निर्दलीय विधायकों ने BJP को बिना शर्त समर्थन दिया।

नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के साथ ही मणिपुर में राजनीतिक स्थिरता की उम्मीद जताई जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

February 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728

Leave a Comment