रायपुर: छत्तीसगढ़ की महिलाओं को भारतीय सेना में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। महिलाओं की भागीदारी को सशक्त करने और उन्हें अनुशासन, सुरक्षा व देशसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से सेना भर्ती कार्यालय, जबलपुर (मध्यप्रदेश) द्वारा महिला सेना पुलिस पद के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती रैली 23 फरवरी 2026 को पुलिस ग्राउंड झिंझरी, कटनी (मध्यप्रदेश) में आयोजित होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों की चयनित महिला अभ्यर्थी हिस्सा लेंगी।
महिला सेना पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत भारतीय सेना द्वारा 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 के बीच ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया गया था। इस परीक्षा में सफल घोषित महिला उम्मीदवारों को ही भर्ती रैली में शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज़ सत्यापन और अन्य चयन प्रक्रियाओं में सम्मिलित होने का अवसर मिलेगा। योग्यता और परीक्षा परिणाम के आधार पर ही अभ्यर्थियों को रैली के लिए आमंत्रित किया गया है।
भर्ती रैली के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षण और दस्तावेज़ सत्यापन में सफल महिला अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच 24 फरवरी 2026 को सेना अस्पताल, जबलपुर में कराई जाएगी। चिकित्सकीय रूप से पूर्णतः स्वस्थ पाए जाने पर ही अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा। यह प्रक्रिया सुनिश्चित करती है कि सेना में चयनित महिलाएं मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह सक्षम हों।
अभ्यर्थियों को भर्ती रैली में भाग लेने के लिए एडमिट कार्ड, सभी मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान संबंधी दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। प्रवेश पत्र भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जारी कर दिए गए हैं, वहीं सभी योग्य उम्मीदवारों के पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भी एडमिट कार्ड भेजे जा चुके हैं।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार यह भर्ती रैली केवल नौकरी पाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह महिलाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का भी एक महत्वपूर्ण मंच है। बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थियों की भागीदारी के कारण यह आयोजन राज्य स्तर पर विशेष महत्व रखता है।
भारतीय सेना के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर रैली स्थल पर पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं। भर्ती प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यह भर्ती रैली छत्तीसगढ़ की युवतियों के लिए सम्मान, अनुशासन और देशसेवा के क्षेत्र में करियर बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8151429
Total views : 8169297