लखनऊ में मासूम की हत्या: पिता और सौतेली मां ने 4 साल के बच्चे को पीट-पीटकर मार डाला, पोस्टमार्टम में 21 चोटें

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

लखनऊ: Lucknow के चौक थाना क्षेत्र स्थित लाजपतनगर में चार वर्षीय मासूम की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। उसके शरीर पर 21 चोटों के निशान मिले हैं और सिर की हड्डी टूटने से उसकी मौत हुई। आरोप है कि बच्चे को उसके पिता और सौतेली मां ने दीवार पर पटक दिया था।

मासूम की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस में जमकर हंगामा हुआ। मृतक के मामा ने बच्चे के पिता से सवाल-जवाब किए, जिस पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया।

पिता और सौतेली मां पर हत्या का मामला दर्ज
जानकारी के अनुसार Unnao के शुक्लागंज स्थित अंबिकापुरम निवासी बच्चे की नानी सुधा की शिकायत पर चौक पुलिस ने पिता भीष्म और सौतेली मां रागिनी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि भीष्म लाजपतनगर में रहता है और King George’s Medical University के पास उसकी फोटोकॉपी की दुकान है। वह पेशे से अधिवक्ता भी बताया जा रहा है। गुरुवार को घर के अंदर ही मासूम की मौत हो गई थी। शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था।

मां की मौत के बाद पिता को मिली थी कस्टडी
मासूम के मामा रोहित कश्यप के मुताबिक उनकी बहन स्वाती की शादी 23 नवंबर 2020 को भीष्म से हुई थी। 16 अक्तूबर 2021 को अर्नव का जन्म हुआ था। बेटे के जन्म के कुछ समय बाद स्वाती बीमार पड़ गई और अप्रैल 2022 में उसकी मौत हो गई। इसके बाद अर्नव की परवरिश के लिए उसे ननिहाल Shuklaganj ले जाया गया था।

बाद में भीष्म ने रागिनी से दूसरी शादी कर ली। कोर्ट के आदेश पर अगस्त 2025 में अर्नव की कस्टडी उसके पिता को मिल गई थी।

पड़ोसियों ने भी दी थी मारपीट की जानकारी
मामा का आरोप है कि पिता और सौतेली मां बच्चे को अक्सर पीटते थे। पड़ोसियों ने भी कई बार इसकी जानकारी दी थी। आरोप है कि दोनों उसे भूखा रखते थे और दूध तक नहीं देते थे।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment