तिरुवनंतपुरम: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में 46 रनों की दमदार जीत दर्ज कर अपनी ताकत का संदेश दे दिया। तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 271 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन बढ़ते रनरेट के दबाव में नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 19.4 ओवर में 225 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
अर्शदीप सिंह की घातक गेंदबाजी
न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 17 रन के स्कोर पर टिम सीफर्ट का विकेट गंवा दिया, जो अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद फिन एलन और रचिन रवींद्र ने दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 100 रनों की साझेदारी कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। इस खतरनाक साझेदारी को अक्षर पटेल ने 9वें ओवर में तोड़ा, जब 38 गेंदों में 80 रन बनाने वाले फिन एलन आउट हुए।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। अर्शदीप सिंह ने शुरुआती ओवरों में रन लुटाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 5 विकेट झटके और टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला पांच विकेट हॉल पूरा किया। उनके अलावा अक्षर पटेल ने तीन विकेट लिए, जबकि रिंकू सिंह और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक सफलता मिली।
इंग्लैंड को छोड़ा पीछे
इस जीत के साथ भारत टी20 अंतरराष्ट्रीय में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। टीम इंडिया की यह कीवी टीम के खिलाफ 18वीं टी20 जीत है, जिससे उसने इंग्लैंड (17 जीत) को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में भारत से आगे केवल पाकिस्तान है।
ईशान किशन का शतक
भारतीय बल्लेबाजी में आखिरी टी20 मुकाबले में ईशान किशन का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिन्होंने 103 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेलकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8150700
Total views : 8168107