फतेहपुर: जिले के मालवा थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब के लिए पैसे न देने पर एक युवक ने अपनी ही मां की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी राज किशोर के मुताबिक, बरमतपुर निवासी रामचंद्र रैदास, जो मालवा थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा अरविंद शराब पीने का आदी है। बुधवार शाम करीब 4 बजे अरविंद नशे की हालत में घर पहुंचा और अपनी मां माया देवी से शराब के लिए पैसे मांगने लगा।
जब माया देवी ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने घर में पड़ी मोटरसाइकिल की रॉड उठाकर उन पर हमला कर दिया। हमले में माया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कानपुर के Lala Lajpat Rai Hospital (हैलेट अस्पताल) रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी कुछ देर तक मौके पर ही बैठा रहा और परिजनों के पहुंचने पर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे दीवान का पुरवा मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पिता की तहरीर पर आरोपी अरविंद कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155718
Total views : 8176202